बेगूं। नगर में वार्ड नं 5 में शुरू किया गया शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अब सुरक्षा के अभाव में नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। गुरुवार रात को वार्डवासियों ने परिसर में नशेड़ियों की महफिल जमती देखी। जब स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद युवक भाग खड़े हुए। मौके से शराब की बोतलें और हुक्का बरामद किया गया।
रिपोर्ट में बताया कि वार्ड नं. 5 सामुदायिक भवन में स्थित जनता क्लिनिक अभी कुछ ही समय पहले खुला जिसमें अंधेरा रहने से रात्रि में 8 बजे बाद से ही नशेडी लोग अन्दर आते है और नशे का सेवन करते है जिससे वार्ड वासियों को सामुदायिक भवन स्थित जनता क्लिनिक के भीतर से बाहर की तरफ खाली शराब की बोतलें एवं मादक नशीले पदार्थ का सेवन करने का हुक्का मिला। सामुदायिक भवन में पूर्व में भी निम्न घटनाएं घटित्त हो चुकी है जैसे मोटर घर, ट्युबवेल का पाइप सहित केबल तोडना, ताले तोडना, चोरी कर दरवाजा खिड़किया तोड़ना आदि।
सुरक्षा की कमी बनी समस्या
यह आरोग्य मंदिर सामुदायिक भवन में संचालित हो रहा है, लेकिन परिसर की चारदीवारी बेहद छोटी होने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से दीवार फांदकर अंदर घुस जाते हैं। वार्डवासियों का कहना है कि रात के अंधेरे में यह जगह नशा करने वालों के लिए सुरक्षित अड्डा बन गई है।

विधायक ने किया था उद्घाटन
गौरतलब है कि 2 जनवरी को ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने बेगूं नगर में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया था। लेकिन अब सवाल यह उठता है कि क्या विभाग ने सुरक्षा इंतजाम किए बिना ही जल्दबाजी में इसका उद्घाटन करवा दिया ?

वार्डवासियों में रोष
वार्डवासियों ने इस मामले को लेकर प्रशासन से शिकायत की और मांग की कि जल्द से जल्द यहां सुरक्षा व्यवस्था कराने और चारदीवारी को ऊंचा किया जाए। साथ ही रात के समय पुलिस गश्त भी बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।