Explore

Search

May 1, 2026 10:33 pm

सनातन मंगल महोत्सव के लिए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को दिया निमंत्रण

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा में सनातन मंगल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले भव्य दीक्षा दान समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS के सरसंघचालक मोहन भागवत के भीलवाड़ा आगमन पर उनसे मुलाकात कर उन्हें विधिवत निमंत्रण प्रेषित किया गया।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन व संत गोविंद राम ने भागवत से सौहार्दपूर्ण भेंट की और आगामी महोत्सव का संपूर्ण विवरण प्रस्तुत करते हुए उन्हें समारोह में पधारने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान आध्यात्मिक परंपराओं, सनातन संस्कृति के संवर्धन और समाज में सकारात्मक नेतृत्व की भूमिका जैसे मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा हुई। 19 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले इस विशाल सनातन मंगल महोत्सव में हरी शेवा उदासीन आश्रम, सनातन मंदिर परिसर केंद्र में रहेगा। यह महोत्सव धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।
सनातन सेवा समिति के रवींद्र कुमार जाजू ने बताया कि इस पावन अवसर पर तीन ब्रह्मचारी संत दीक्षा ग्रहण करेंगे, जो अपने जीवन को पूर्णतः सनातन धर्म की सेवा, तपस्या और साधना को समर्पित करेंगे। दीक्षा दान समारोह को ऋषि परंपरा का एक महत्वपूर्ण विस्तार मानते हुए इसे अत्यंत दुर्लभ और पुण्यकारी अवसर बताया गया है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, अनुष्ठान, यज्ञ, भजन-सत्संग, कथा-प्रवचन और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। दूर-दराज़ से साधु-संत, धर्मप्रेमी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
आयोजकों का कहना है कि मोहन भागवत का आशीर्वाद और उपस्थिति महोत्सव की गरिमा को और अधिक बढ़ा देगी। निमंत्रण भेंट करने के अवसर पर संत समुदाय के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर