Explore

Search

February 6, 2026 11:05 am

विजय दिवस की 55वीं वर्षगांठ पर सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में होगा आयोजन, शिक्षा मंत्री होंगे मुख्य अतिथि


चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में विजय दिवस की 55वीं वर्षगांठ 16 दिसंबर 2025 को अत्यंत गरिमा, गौरव एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाई जाएगी। यह दिवस भारतीय सशस्त्र बलों की अद्वितीय वीरता, शौर्य और बलिदान को समर्पित होगा। कार्यक्रम में राजस्थान के माननीय शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि भूतपूर्व सैनिक सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल देव आनंद विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में सहभागिता करेंगे।
विजय दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत देखरेख में अंतिम रूप दिया जा रहा है। विजय दिवस का आयोजन उन वीर सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में किया जा रहा है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने प्राणों की आहुति दी और देश की अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा की। यह दिन वर्ष 1971 के भारतदृपाकिस्तान युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों की ऐतिहासिक विजय का प्रतीक है, जब भारतीय सेना के पराक्रम के आगे पाकिस्तान की सेनाओं ने ढाका में आत्मसमर्पण किया था। यह विजय भारतीय इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक प्रेरणा के रूप में संजोकर रखा जाना आवश्यक है। विद्यालय द्वारा तैयार की गई विस्तृत कार्यक्रम रूपरेखा के अंतर्गत परेड, श्रद्धांजलि समारोह, देशभक्ति सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा प्रेरणादायी उद्बोधन शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य केंद्र सैन्य गौरव, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रप्रेम की भावना रहेगा, जिससे कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की प्रेरणा और अधिक प्रबल हो सके। स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा भूतपूर्व सैनिकों एवं विद्यालय के कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विद्यालय में हाल ही में निर्मित पेरेंट्स हॉल, आधुनिक एयर राइफल शूटिंग रेंज एवं तीरंदाजी रेंज का उद्घाटन भी किया जाएगा, जो कैडेट्स के सर्वांगीण विकास और खेलकूद प्रशिक्षण को नई दिशा प्रदान करेगा।
इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथि द्वारा कैडेट्स हॉस्टल एवं गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण किया जाएगा तथा कैडेट्स से संवाद कर उन्हें अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों के प्रति प्रेरित किया जाएगा। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ का यह विजय दिवस समारोह न केवल वीर सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान का सशक्त मंच बनेगा, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज में देशभक्ति, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा। विजय दिवस आज राष्ट्र की सैन्य शक्ति, आत्मसम्मान एवं गौरव का जीवंत प्रतीक बन चुका है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर