Explore

Search

February 6, 2026 11:18 am

सैनिक स्कूल में ड्रिल प्रतियोगिता आयोजित

चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में गुरुवार को ड्रिल प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव के निर्देशन में अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे। सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं एनसीसी के सेकंड ऑफिसर एएनओ धीरज शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि सैनिक स्कूल में आयोजित इस भव्य ड्रिल प्रतियोगिता का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, एकरूपता, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता एवं सामूहिक समन्वय को विकसित करना था। प्रतियोगिता के दौरान पूरे परिसर में अनुशासन, जोश एवं सैन्य परंपराओं की झलक देखने को मिली। इस प्रतियोगिता में स्कूल के कुल नौ सदनों के कैडेट्स ने भाग लिया। प्रत्येक कंपनी से एक कमांडर एवं 24 कैडेट्स का दल निर्धारित मापदंडों एवं नियमों के अनुरूप ड्रिल मैदान में उतरा। कैडेट्स ने परेड, सलामी, टर्निंग मूवमेंट्स एवं समन्वित कदमताल के माध्यम से अपनी शारीरिक मजबूती, मानसिक सजगता एवं उच्च स्तर के प्रशिक्षण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सभी दलों ने अनुकरणीय तालमेल, समय की पाबंदी एवं अनुशासन का परिचय देते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स की एकजुटता, आत्मविश्वास एवं समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। प्रत्येक दल ने अपने कमांडर के नेतृत्व में सामूहिक भावना के साथ ड्रिल प्रस्तुत की, जिससे नेतृत्व कौशल एवं टीम वर्क का प्रभावी प्रदर्शन हुआ। मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए कहा कि ड्रिल केवल परेड का अभ्यास नहीं है, बल्कि यह कैडेट्स के व्यक्तित्व निर्माण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ड्रिल कैडेट्स को चलने-बैठने का सही ढंग सिखाने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता को निखारने, शारीरिक फिटनेस बनाए रखने, मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने, सहनशक्ति विकसित करने तथा मानसिक दृढ़ता को सुदृढ़ करने में सहायक होती है। उन्होंने सभी कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में बेस्ट कमांडर सांगा हाउस का कैडेट लक्की शर्मा रहा। प्रतियोगिता में सांगा हाउस 243 अंको के साथ प्रथम, लव हाउस 221.5 अंको के साथ द्वितीय एवं बादल हाउस 220 अंको के साथ तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में निर्णायक का कार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव, सूबेदार कुलदीप सिंह, नायब सूबेदार ऋषिपाल सिंह, हवलदार सुरेश पिलानियाँ, हवलदार संदीप एंव सीएचएम मुनबुल नरजरी ने किया। इस प्रतियोगिता के सयोंजक धीरज शर्मा एवं जयपाल सिंह थे। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने विजेता सदन को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया एवं सभी प्रतिभागी कैडेट्स को उनके अनुशासन, मेहनत एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर