चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ भाजपा में सब कुछ ठीक है का दावा अब दांव पर है। मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद से ही पार्टी के भीतर की धड़ेबाजी ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ी है। असंतुष्ट खेमे ने मोर्चा खोल दिया है और 29 जनवरी का अल्टीमेटम बीत जाने के बाद भी प्रदेश नेतृत्व की चुप्पी ने आग में घी डालने का काम किया है।
चित्तौड़गढ़ विधानसभा के मंडल अध्यक्षों की सूची जारी होते ही भाजपा दो धड़ों में बंट गई है। एक तरफ विधायक और जिलाध्यक्ष समर्थक हैं, तो दूसरी तरफ पार्टी के पुराने दिग्गज और कद्दावर नेता। असंतुष्ट खेमे ने नियुक्तियों पर रोक लगाने के लिए 29 जनवरी तक का समय दिया था। इस दौरान 3 से 4 गुप्त और खुली बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं आया है। हालांकि सूत्र बताते हैं कि मण्डल अध्यक्षों की घोषणा जिलाध्यक्ष और विधायक की सहमति से ही की गई हैं। सूत्रों की मानें तो विवाद बढ़ता देख जिलाध्यक्ष रतन गाडरी को दिल्ली बुलाया गया था। आरोप है कि उनके द्वारा भेजे गए नामों ने ही पार्टी में गले की फांस का काम किया है। नियमों के मुताबिक मंडल अध्यक्ष की आयु 35 से 45 वर्ष होनी चाहिए, लेकिन नियुक्तियों में इसे दरकिनार करने के आरोप हैं। भदेसर मंडल अध्यक्ष पर आपराधिक मामले होने की बात सामने आई है, जिन्हें जिलाध्यक्ष का करीबी बताया जा रहा है। आरोप है कि कुछ नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व में पार्टी से निष्कासित रह चुके हैं, जो कैडर आधारित पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, बांसवाड़ा प्रभारी कमलेश पुरोहित, महामंत्री रघु शर्मा, और हर्षवर्धन सिंह जैसे बड़े नाम शामिल रहे। इनके साथ ही सागर सोनी, गोपाल चौबे और रणजीत सिंह भाटी जैसे नेताओं ने भी नियुक्तियों पर कड़ा ऐतराज जताया है। इस सम्बंध में भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी से मण्डल अध्यक्षों के स्थगन गया किसी निर्णय के बारे में जानकारी चाही तो उन्होंने कोई प्रत्योत्तर नही दिया और सवालों को टालते हुए किसी कार्यक्रम में होने का हवाला दिया। बताया जाता हैं कि चित्तौड़गढ़, बस्सी, घोसुण्डा मण्डल अध्यक्ष विधायक के समर्थक हैं। वही भदेसर मण्डल अध्यक्ष भाजपा अध्यक्ष के नजदीकी हैं।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़