
बेगूं। उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माधोपुर में शुक्रवार को राजस्थान सरकार की फ्लैगशिप योजना के तहत निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9 में अध्ययनरत 16 छात्राओं को अतिथियों द्वारा साइकिलें वितरित की गई। राज्य सरकार की इस योजना में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहान मिलेगा। साथ छात्राओं को विद्यालय आने जाने में सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के आसपास के गांवों से आने वाली कई छात्राओं को दूरी के कारण परेशानी होती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। साइकिल मिलने से अब छात्राएं सुरक्षित एवं समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी।
विशिष्ट अध्यापक कालू सिंह राव ने कहा कि यह योजना न केवल बालिका शिक्षा को बढ़ावा दे रही है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार कर रही है। इससे छात्राओं में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रभु लाल, श्याम लाल सहित ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों एवं विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति रही।
विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा।
