Explore

Search

March 27, 2026 11:50 pm

अंतिम संस्कार के दौरान पारसोली में फिर मधुमक्खियों का हमला, डंक मारने से 8 लोग घायल

चित्तौड़गढ़। जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र अंतर्गत पारसोली कस्बे में शुक्रवार को श्मशान घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर फिर हमला कर दिया। हमले की भयावहता ऐसी थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए शवों को वहीं छोड़कर भाग निकले। बाद में प्रशासन की मदद से पीपीई किट और हेलमेट पहनकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। जानकारी के अनुसार पारसोली निवासी देव बाई गुर्जर और सुखपुरा निवासी कमली बाई रेगर के निधन के बाद ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर एकत्रित हुए थे। अभी चिता सजाने की तैयारी चल ही रही थी कि अचानक मधुमक्खियों ने लोगों पर धावा बोल दिया। हमले के कारण मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थिति ऐसी बनी कि दोनों महिलाओं के शव श्मशान में ही रखे रह गए और परिजन व ग्रामीण वहां से हटने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। श्मशान घाट पर फंसे शवों के अंतिम संस्कार के लिए चिकित्सालय से तत्काल पीपीई किट और हेलमेट मंगवाए गए। कुछ ग्रामीणों को किट पहनाकर एम्बुलेंस के जरिए श्मशान घाट भेजा गया और सुरक्षात्मक घेरे में रहते हुए दोनों महिलाओं का अंतिम संस्कार करवाया गया। इस हमले में कुल 8 लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए पारसोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गौरतलब है कि इसी श्मशान घाट पर बीते 18 मार्च को भी मधुमक्खियों ने हमला किया था, जिसमें 50 लोग घायल हुए थे और एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। बार-बार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में रोष और भय व्याप्त है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर