
चित्तौड़गढ़। जिले के रावतभाटा परमाणु बिजलीघर आवासीय कॉलोनी के समीप स्थित एनटीसी मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक एसी-फ्रिज रिपेयरिंग की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखे एसी कंप्रेसर एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई। धुएं के काले गुबार को देखकर लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजार में स्थित एक जूस की दुकान पर वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पास ही स्थित एसी-फ्रीज मैकेनिक जाफर खान की दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारियों ने विकराल आग का रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही दुकान से तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं, जो संभवतः एसी के कंप्रेसर फटने के कारण थीं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर अधिकारी राजेश जयपाल दो दमकल वाहनों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो पास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास की दुकानों को खाली करवा लिया था। इस अग्निकांड में पीड़ित दुकानदार जाफर खान को भारी आर्थिक क्षति हुई है। दुकान में रखे कीमती एसी, फ्रिज, स्पेयर पार्ट्स और ग्राहकों का रिपेयरिंग के लिए आया सामान जलकर पूरी तरह कबाड़ हो गया। नुकसान का आकलन हजारों रुपये में लगाया जा रहा है। आग लगने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात सुचारू करवाया। आसपास के व्यापारियों ने भी मानवता का परिचय देते हुए आग बुझाने में दमकल विभाग का सहयोग किया।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़