बेगूं। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत माधोपुर के मुरोली गांव में 24 से 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा एवं श्री श्री 1008 सप्तकुंडी श्री विष्णु महायज्ञ के तहत गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकालकर धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने भक्ति भाव के साथ नाचते-गाते हुए पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा श्री गणेश घाटी गौशाला नन्दवाई से विधिवत पंचांग पूजन के साथ प्रारंभ हुई, जो नन्दवाई बस स्टैंड, नरसिंहपुरा गांव, माधोपुर गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई मुरोली गांव स्थित यज्ञशाला पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा जलपान, नाश्ता एवं विश्राम की समुचित व्यवस्थाएं की गईं।
इस दौरान शोभायात्रा की आकर्षण का केंद्र भगवान श्री शिव जी एवं माता पार्वती की मनमोहक झांकी रही, जिसे बड़े ही सुंदर और आकर्षक ढंग से सजाया गया था। झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और लोगों ने श्रद्धा भाव से जयकारे लगाए। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन प्रातःकाल श्री श्री 1008 सप्तकुंडी श्री विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत अग्नि नारायण भगवान का प्राकट्य एवं आहुति महायज्ञ संपन्न होगा। यज्ञ में काशी विश्वनाथ धाम से पधारे यज्ञ आचार्य पंडित संतोष पांडेय एवं उपाचार्य पंडित गौतम पाण्डेय द्वारा वैदिक विधि-विधान से आहुतियां दी जाएंगी।
वहीं श्रीमद् भागवत कथा का वाचन पूज्य कथा व्यास पंडित अजीतकृष्ण शास्त्री (देवघर, काशी विश्वनाथ) द्वारा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु कथा रस का आनंद लेंगे। कथा के साथ-साथ भजन संध्या का भी आयोजन रखा गया है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहेगा। आयोजन का समापन 30 अप्रैल को पूर्णाहुति एवं विशाल धार्मिक कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है।