Explore

Search

May 2, 2026 9:16 am

हाईवे के ढाबों पर पेट्रोलियम के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, 21 हजार लीटर से ज्यादा पेट्रोलियम पदार्थ जब्त

चित्तौड़गढ़। जिले में हाईवे किनारे स्थित होटलों और ढाबों की आड़ में चल रहे अवैध काले कारनामों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी स्ट्राइक की है। जिला विशेष टीम की सूचना पर सदर थाना पुलिस और रसद विभाग ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए ओछड़ी-रिठोला मार्ग पर दो अलग-अलग स्थानों से 21 हजार किलो से अधिक अवैध पेट्रोलियम पदार्थ का जखीरा पकड़ा हैं। पहली बड़ी कार्यवाही ओछड़ी-रिठोला मार्ग स्थित एक बाड़े में हुई। डीएसटी की पुख्ता सूचना पर जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो नजारा देख दंग रह गई। बाड़े में 220 लीटर क्षमता के कुल 98 ड्रम मिले, जिनमें से 90 ड्रमों में करीब 15980 किलो ज्वलनशील पदार्थ भरा था। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को नामजद किया हैं। यह जमीन किराए पर लेकर बिना किसी वैध लाइसेंस के पेट्रोलियम पदार्थों का अवैध भंडारण और बेचान किया जा रहा था। दूसरी कार्यवाही करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बोजुन्दा के पास एक होटल पर हुई। यहाँआईओसीएल का एक टैंकर खड़ा मिला। रसद विभाग की टीम को होटल के पीछे खड़ी पिकअप और परिसर से करीब 6100 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया। टैंकर चालक ने स्वीकार किया कि वह फ्यूल टैंक से डीजल निकालने आया था। गौरतलब है कि इस होटल पर पूर्व में भी ऐसी कार्यवाही हो चुकी है। मौके पर पहुंचे जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी व अन्य प्रवर्तन अधिकारी ने संदिग्ध पदार्थों के सैंपल लेकर जाँच के लिए एफएसएल भेजे हैं। पुलिस उपाधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए माल को ट्रक के जरिए थाने पहुंचाया गया है। पुलिस ने मानव जीवन को खतरे में डालने और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्यवाही से हाईवे पर अवैध ईंधन का धंधा करने वाले माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर