
बेगूं। राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब चित्तौड़गढ़ जिला महिला कांग्रेस ने भी मंत्री दक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है।
महिला कांग्रेस चित्तौड़गढ़ की जिलाध्यक्ष यशोदा पुरोहित ने जारी बयान में कहा कि वायरल ऑडियो में महिलाओं के प्रति कथित रूप से प्रयोग किए गए शब्द अमर्यादित, असंसदीय और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले हैं। उन्होंने इसे महिला शक्ति का अपमान बताते हुए राज्य सरकार से मंत्री गौतम दक को तत्काल पद से हटाने अथवा उनका इस्तीफा लेने की मांग की है।
यशोदा पुरोहित ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उच्च पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा महिलाओं के प्रति इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज में गलत संदेश देते हैं और महिलाओं के सम्मान के विपरीत हैं।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि वह मंत्री के कथित आचरण की कड़ी निंदा करती हैं तथा मुख्यमंत्री से मांग करती हैं कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से भाजपा और उसके नेताओं की महिलाओं के प्रति सोच उजागर होती है।
मंत्री गौतम दक के कथित ऑडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर जारी है और विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल इस मामले में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -