
चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार ने चित्तौड़गढ़ के गंगरार में स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी को लेकर एक बेहद सख्त और ऐतिहासिक फैसला किया है। सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रमों में नए एडमिशन्स पर तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक पूरी तरह रोक लगा दी है। मेवाड़ विश्वविद्यालय के खिलाफ लंबे समय से फर्जी डिग्रियों के निर्गमन और कई अन्य गंभीर वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संभागीय आयुक्त उदयपुर के संयोजन में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया था। इस समिति ने गहनता से जांच करने के बाद यूनिवर्सिटी के भीतर चल रही गंभीर गड़बड़ियों और अनियमितताओं को अपनी रिपोर्ट में उजागर किया।
जांच समिति की रिपोर्ट में गड़बड़ियों की पुष्टि होने के बाद यह मामला बेहद गंभीर हो गया। इस पूरे प्रकरण की जांच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान यूनिवर्सिटी के कुछ कर्मचारियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जिससे फर्जी डिग्री रैकेट से जुड़े माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मेवाड़ विश्वविद्यालय अधिनियम, 2009 की धारा 44(1) के अंतर्गत विश्वविद्यालय को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। विश्वविद्यालय ने इस नोटिस का जो प्रत्युत्तर पेश किया है, उसका वर्तमान में विभागीय स्तर पर बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। मेवाड़ यूनिवर्सिटी अधिनियम 2009 की धारा 32, 34 और 35 के उलंघन की परिस्थितियों दृष्टिगत रखते हुए, उच्च शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए मेवाड़ यूनिवर्सिटी गंगरार में सभी पाठ्यक्रमों में नवीन प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी हैं। इसको लेकर उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने यह कड़ा आदेश जारी किया है। अगले आदेशों तक यूनिवर्सिटी में किसी भी पाठ्यक्रम में नए दाखिले पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस आदेश की प्रतियां विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद सहित सभी तकनीकी और मेडिकल काउंसिलों को भी आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेज दी गई हैं। सरकार के इस बेहद कड़े कदम के बाद अब मेवाड़ यूनिवर्सिटी में आगामी आदेश तक कोई भी नया छात्र दाखिला नहीं ले सकेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को राज्य में फर्जी डिग्री नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़