Explore

Search

June 4, 2026 1:47 am

कचरा संग्रहण व्यवस्था में व्यापक बदलाव,हर घर को मिलेगा बारकोड, हाईटेक व्यवस्था से चमकेगा शहर



इलेक्ट्रिक वाहनों से होगा कचरा संग्रहण, डिजिटल मॉनिटरिंग और जीपीएस ट्रैकिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता

चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कचरा संग्रहण व्यवस्था में व्यापक बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब शहर में घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से किया जाएगा तथा इसकी निगरानी जीपीएस ट्रैकिंग, आरएफआईडी एवं डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली से की जाएगी।

नगर परिषद द्वारा आगामी 45 दिनों में शहर के लगभग 35 हजार घरों को डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान एवं निगरानी की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही नगर परिषद कर्मचारियों एवं कचरा संग्रहण वाहनों की लाइव मॉनिटरिंग भी कर सकेगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।

हर घर को मिलेगा बारकोड, हर वार्ड में आरएफआईडी आधारित व्यवस्था

नगर परिषद पहली बार प्रत्येक परिवार को एक स्कैनेबल बारकोड कार्ड उपलब्ध कराएगी, जिसमें परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण दर्ज होंगे। कचरा संग्रहण वाहन के चालक एवं सहयोगी घर-घर जाकर इस कार्ड को स्कैन करेंगे, जिससे कचरा संग्रहण की रियल-टाइम ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी।

इस तकनीक आधारित व्यवस्था से कचरा पृथक्करण को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा। साथ ही नागरिकों को एक मोबाइल एप भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से वे अपने क्षेत्र में आने वाले कचरा संग्रहण वाहन की रियल-टाइम लोकेशन एवं निर्धारित समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।


चार श्रेणियों में होगा कचरे का पृथक्करण

नगर परिषद द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के अनुरूप शहर में कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक बनाने के लिए घरों से निकलने वाले कचरे को चार श्रेणियों में अलग-अलग एकत्रित किया जाएगा। इनमें गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा तथा विशेष कचरा शामिल हैं। गीले कचरे में रसोई से निकलने वाला जैविक अपशिष्ट, बचा हुआ भोजन एवं सड़ने योग्य सामग्री शामिल होगी। सूखे कचरे में प्लास्टिक, कागज, कांच एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य वस्तुएं रखी जाएंगी। सेनेटरी कचरे में डायपर, सेनेटरी नैपकिन एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी अपशिष्ट शामिल होंगे, जबकि विशेष कचरे में ई-वेस्ट, बैटरियां, सिरिंज एवं अन्य हानिकारक घरेलू अपशिष्ट रखे जाएंगे।
नगर परिषद आयुक्त रविन्द्र यादव ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे कचरा संग्रहण वाहनों में निर्धारित एवं चिन्हित बॉक्सों में ही कचरा डालें, ताकि उसका वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर