Explore

Search

June 7, 2026 2:56 am

बेगूं पुलिस ने रामपुरिया में 50 लाख की संपत्ति को किया फ्रीज,तस्करी की कमाई से बना मकान व ट्रैक्टर जब्त

बेगूं। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बेगूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 (एफ) (1) के तहत करीब 50 लाख रुपए मूल्य की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को फ्रीज कराया है। कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति के खिलाफ की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ एवं तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह यादव के आदेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत्त बेगूं अंजलि सिंह के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि रामपुरिया निवासी बालकिशन धाकड़ उर्फ बाल किशन के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत दो गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना नागल, जिला अंबाला (हरियाणा) में धारा 8/15 एवं 8/29 एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2023 में थाना बेगूं में धारा 8/18 एवं 8/19 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इन प्रकरणों की जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से संपत्तियां खरीदी थीं। पुलिस ने आरोपी के ग्राम रामपुरिया स्थित खसरा नंबर 669 में बने मकान तथा एक ट्रैक्टर को अवैध आय से अर्जित संपत्ति मानते हुए 6 मई 2026 को सक्षम प्राधिकारी (कॉम्पिटेंट अथॉरिटी) एडमिनिस्ट्रेटर, सफेमा (एफओपीए) एवं एनडीपीएस एक्ट नई दिल्ली को फ्रीजिंग की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा था। प्रकरण की सुनवाई के बाद भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी द्वारा आरोपी की उक्त संपत्तियों को स्थायी रूप से फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए। आदेश प्राप्त होने के बाद बेगूं पुलिस ने मकान एवं ट्रैक्टर को फ्रीज कर दिया। पुलिस के अनुसार फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य करीब 50 लाख रुपए है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है तथा अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर