Explore

Search

June 15, 2026 2:24 am

मेनाल झरने के गहरे कुंड में डूबने से अजमेर के युवक की मौत,प्रतिबंधित रास्ते से 150 फीट नीचे कैसे पहुंचे पर्यटक? सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

बेगूं। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मेनाल में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अपने दोस्तों के साथ वीकेंड पर घूमने आए अजमेर के एक युवक की झरने के नीचे बने गहरे कुंड में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। बारिश के मौसम में हर साल होने वाले इन हादसों ने एक बार फिर पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजमेर जिले के निवासी कुछ युवक रविवार को छुट्टियां मनाने मेनाल पहुंचे थे। रोमांच के चक्कर में ये सभी साथी मुख्य झरने से करीब 150 फीट नीचे गहरी खाई में स्थित कुंड में नहाने के लिए चले गए। जंगल के बीच बने इस गहरे कुंड में नहाते समय उनका एक साथी कानू सिंह पुत्र लाल सिंह रावत गहरे पानी में चला गया। कुंड की अत्यधिक गहराई या युवक को तैरना न आने के कारण वह पानी में डूबने लगा और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।

सिविल डिफेंस ने शाम 7 बजे निकाला शव

युवक के डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूं तहसीलदार गोपाल जीनगर और थानाधिकारी कमल चंद मीणा भारी पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने चित्तौड़गढ़ से  सिविल डिफेंस की टीम और गोताखोरों को मौके पर बुलाया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 7 बजे रेस्क्यू टीम ने कुंड में से युवक का शव ढूंढकर बाहर निकाला।

रेस्क्यू करती चित्तौड़गढ़ से सिविल डिफेंस की टीम।


बंद रास्ते से कैसे हो रहा प्रवेश?
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे आश्चर्यजनक और चिंताजनक बात यह है कि झरने के नीचे कुंड तक जाने वाला रास्ता प्रशासन द्वारा पिछले कई सालों से बंद किया हुआ है। इसके बावजूद पर्यटक किन गुप्त रास्तों से 150 फीट नीचे गहरी खाई में पहुंच रहे हैं, यह समझ से परे है। हर साल बारिश के दिनों में यहां पर्यटक आते हैं और ऐसी दुखद घटनाओं का शिकार होते हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि नीचे जाने वाले रास्तों की पहचान कर उन्हें कड़ी सुरक्षा के साथ स्थायी रूप से ब्लॉक किया जाए, गार्ड्स की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में कोई और घर का चिराग न बुझे।

सोमवार को होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को बेगूं उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सोमवार सुबह पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर