
चित्तौड़गढ़। जिले में 1 जुलाई से शुरू होने वाले वार्षिक भेड़ निष्क्रमण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निष्क्रमण के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दिनेश धाकड़ की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पशुपालन, पुलिस, वन, रसद, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भेड़ निष्क्रमण को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाए
जिला संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. सुमेर सिंह रावत ने बताया कि जिले में भेड़ निष्क्रमण सामान्यतः 1 जुलाई से प्रारंभ होकर लगभग 4 माह तक चलता है। गत वर्ष जिले में 1 लाख 12 हजार 253 भेड़ों का निष्क्रमण हुआ था, जबकि इस वर्ष करीब 1 लाख 15 हजार भेड़ों के आने की संभावना है।
सहायक नोडल अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम गुप्ता ने बताया कि भेड़ पालकों की सुविधा एवं पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला कलक्टर ने भेड़ पालकों एवं आमजन से निष्क्रमण अवधि के दौरान राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही पशुपालन विभाग को भेड़ों के स्वास्थ्य के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में पुलिस विभाग से बेगूं पुलिस उपाधीक्षक अंजली सिंह, रसद विभाग से हितेश जोशी, वन विभाग से हेमंत गौतम, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. ताराचंद गुप्ता एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग से राजेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -