
बेगूं । समस्त गैर अनुदानित निजी शिक्षण संस्थान बेगूं के पदाधिकारियों एवं निजी विद्यालय संचालकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर शाला सम्बलन एप के माध्यम से प्रस्तावित जांच का विरोध जताया।
प्रवक्ता शफीक अंसारी के अनुसार ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान में लगभग 32 हजार से अधिक निजी विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लाखों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी कार्यरत हैं। संगठन का कहना है कि शिक्षा विभाग द्वारा शाला सम्बलन एप के माध्यम से जारी आदेश व्यवहारिक नहीं हैं और इससे विद्यालयों के संचालन में अनावश्यक परेशानियां उत्पन्न होंगी।
ज्ञापन के दौरान जिला अध्यक्ष नरेन्द्र पुरोहित ने अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से वार्ता करते हुए कहा कि संगठन ने मांग की कि विभाग निजी विद्यालयों में जांच की कार्रवाई से पहले विद्यालय संचालकों के प्रतिनिधि संगठन से वार्ता कर व्यावहारिक समाधान निकाले। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि बिना सहमति के जांच की गई अथवा आरटीई भुगतान रोका गया तो निजी विद्यालय संचालक विरोध स्वरूप आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। ज्ञापन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू सहित क्षेत्र के निजी विद्यालय संचालक मौजूद थे।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -