
चित्तौड़गढ़। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2026) के तहत जिले के गैर-ऋणी एवं बटाईदार किसान 31 जुलाई 2026 तक अधिकृत बीमा कंपनी एग्रीकल्चर इन्श्योरेंस कंपनी लिमिटेड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) जिला परिषद चित्तौड़गढ़ डॉ. शंकर लाल जाट ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, प्रतिकूल मौसम, कीट एवं रोग प्रकोप सहित विभिन्न कृषि जोखिमों से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। योजना का उद्देश्य फसल उत्पादन में होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनकी आय को सुरक्षित रखना है।
जिले में खरीफ 2026 के लिए मक्का, ज्वार, उड़द, सोयाबीन, धान, कपास एवं मूंगफली अधिसूचित फसलें हैं। योजना का लाभ ऋणी, गैर-ऋणी एवं बटाईदार किसान प्राप्त कर सकते हैं। चित्तौड़गढ़ जिले की सभी तहसीलों के पात्र किसान इस योजना के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।
डॉ. जाट ने बताया कि किसान बैंकों, जन सेवा केंद्रों (सीएससी) तथा फसल बीमा ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से समय रहते आवेदन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि फसल परिवर्तन (क्रॉप चेंज) करवाने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 निर्धारित है। जिन किसानों की वास्तविक बोई गई फसल बैंक में दर्ज फसल से भिन्न है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी संबंधित बैंक शाखा अथवा ऑनलाइन माध्यम से वास्तविक बोई गई फसल के अनुसार फसल परिवर्तन अवश्य करवा लें, ताकि बीमा दावा करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
किसानों की सुविधा एवं समस्याओं के समाधान के लिए भारत सरकार द्वारा कृषक रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447 तथा व्हाट्सएप चैट नंबर 7065514447 संचालित किए जा रहे हैं।
संयुक्त निदेशक कृषि ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे 31 जुलाई से पूर्व अपनी खरीफ फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में बीमा सुरक्षा का लाभ प्राप्त किया जा सके। उन्होंने बताया कि खरीफ फसलों के लिए किसान प्रीमियम बीमित राशि का 2 प्रतिशत तथा वार्षिक वाणिज्यिक एवं बागवानी फसलों के लिए 5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -