
◆ विद्यार्थियों को नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क अध्ययन किट का वितरण
निंबाहेड़ा। वंडर सीमेंट लिमिटेड द्वारा नीव इनीशिएटिव के तहत आज को यूनिट हेड नितिन जैन के निर्देशन में संचालित उड़ान कार्यक्रम के तहत वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर में जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु मार्गदर्शन एवं प्रेरणा सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर वंडर सीमेंट रूरल डेवलपमेंट सेंटर की ओर से सभी उपस्थित विद्यार्थियों को नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु अध्ययन किट भी नी:शुल्क उपलब्ध करवाए गये, जिसमें परीक्षा की तैयारी में उपयोगी ओएमआर शीट, अभ्यास पुस्तिका साहित अध्ययन सामग्री थी।
विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। सेमिनार में क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के लगभग 150 से आधिक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के संबंध में सही मार्गदर्शन प्रदान करना, परीक्षा की प्रक्रिया से अवगत कराना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ शिक्षक किशन लाल गायरी द्वारा विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय की चयन प्रक्रिया, परीक्षा का स्वरूप, अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन तथा सफलता के महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए गए। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय में पूर्व चयनित छात्रा सुश्री आरती मेघवाल भी उपस्थित रही।
उल्लेखनीय है कि वंडर सीमेंट लिमिटेड शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए निरंतर विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन कर रहा है। इसी क्रम में वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर द्वारा विद्यार्थियों के लिए नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु अनुभवी एवं विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। कार्यक्रम का संचालन दीपक भट्ट एवं श्रीमती कृष्णा जायसवाल एवं द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वंडर सीमेंट रूरल डवलपमेंट सेंटर के मनीष कुमार आमेटा सहित समस्त टीम का विशेष सहयोग रहा।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़