Explore

Search

September 3, 2026 12:43 pm

सांवलियाजी में जन्माष्टमी एवं जलझूलनी एकादशी को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा

चित्तौड़गढ़। सांवलियाजी मंदिर में आगामी जन्माष्टमी एवं जलझूलनी एकादशी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के समिति कक्ष में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों से पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांवलियाजी में पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। मेले एवं मंदिर परिसर में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
जिला पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाए। मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए पुलिस एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी एवं जलझूलनी एकादशी के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। जन्माष्टमी को देखते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।


बैठक में अधिकारियों ने जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक को पर्व के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की जानकारी दी। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं सुविधाओं को लेकर समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा आईएएस रविन्द्र कुमार मेघवाल, मुद्रा, सांवलियाजी मंदिर मंडल के लेखा अधिकारी, पुलिस अधिकारी, आयुर्वेद विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर