
चित्तौड़गढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाता जागरूकता गतिविधियों को तेज कर दिया है। गुरुवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित स्वीप मतदाता जागरूकता रैली में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर डॉ. मंजू ने अधिकारियों, कार्मिकों एवं प्रतिभागियों को मतदान की शपथ दिलाई और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला कलक्ट्रेट से रवाना हुई रैली सुभाष चौक एवं गोल प्याऊ होते हुए वापस कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड, अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने नारों और संदेशों के माध्यम से आमजन से नगर निकाय चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की।
रैली में ‘पहले मतदान, फिर कोई काम’ का संदेश देते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता को लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।
स्वीप गतिविधियों से बढ़ेगी मतदान में भागीदारी
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशन में जिले में स्वीप के तहत लगातार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य मतदान के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक करने के साथ ही पात्र मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है।
रैली में स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, डाइट प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम गौड़, सीबीईओ चित्तौड़गढ़ शंभुलाल सोमानी, नगर परिषद आयुक्त रविंदर यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़