
कपासन। नगर पालिका चुनाव 2026 के मद्देनजर नगर कांग्रेस कमेटी कपासन ने प्रेस वार्ता आयोजित कर भाजपा बोर्ड के पिछले पाँच वर्षों के कार्यकाल पर ब्लैक पेपर जनता की अदालत में पाँच साल का हिसाब जारी किया है। कांग्रेस ने नगर पालिका के विकास कार्यों, टेंडर प्रक्रियाओं, सफाई व्यवस्था, पट्टा आवंटन और खेल मैदान सहित 16 प्रमुख मुद्दों के साथ-साथ बहुचर्चित सूरज माली प्रकरण पर निवर्तमान भाजपा बोर्ड से जवाब मांगा है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पाँच साल सत्ता में रहने के बावजूद जनहित के बजाय कथित अनियमितताओं, गैर-जरूरी खर्चों और चुनिंदा हितों को प्राथमिकता दी गई। कांग्रेस का कहना है कि सत्ता भाजपा की थी लेकिन पैसा कपासन की जनता का था, इसलिए प्रत्येक कार्य का पारदर्शी हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए।
◆ब्लैक पेपर में उठाए गए प्रमुख बिंदु
करोड़ों रुपये के टेंडरों में बाहरी ठेकेदारों को प्राथमिकता देने, मूर्तियों-विज्ञापनों पर हुए खर्च और ठेका सफाई व्यवस्था के भारी बजट के बावजूद शहर की बदहाली का तकनीकी ऑडिट कराया जाए।
दरगाह के पीछे पट्टा वितरण में गड़बड़ियों की शिकायतों, हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान के अस्तित्व तथा निजी कॉलोनियों में पालिका के फंड का उपयोग किए जाने का भूखंडवार रिकॉर्ड सार्वजनिक हो।
शहर में जलभराव, स्ट्रीट लाइट की स्थिति, ऐतिहासिक राज राजेश्वर तालाब के संरक्षण की उपेक्षा और उपनगरी अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर जवाबदेही तय हो।
◆ सूरज माली प्रकरण पर न्याय की मांग:
ऐतिहासिक तालाब के लिए आवाज उठाने वाले युवा सूरज माली पर हुए हमले की पारदर्शी जाँच और एफआईआर में नामजद आरोपियों पर हुई कानूनी कार्रवाई का विवरण सामने लाने की मांग की गई।
नगर कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि ब्लैक पेपर का उद्देश्य पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही तय करना है, अतः भाजपा भाषणों और प्रचार के बजाय आधिकारिक रिकॉर्ड खोलकर प्रमाण प्रस्तुत करे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़