
◆ चित्तौड़गढ़ में 67.87 प्रतिशत तो रावतभाटा में सबसे कम 66.82 प्रतिशत मतदान
चित्तौड़गढ़। नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत बुधवार को जिले की तीन नगर निकायों चित्तौड़गढ़, रावतभाटा एवं बेगूं में मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में 69.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बेगूं नगर निकाय में सर्वाधिक 84.36 प्रतिशत, चित्तौड़गढ़ में 67.87 प्रतिशत तथा रावतभाटा में 66.82 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. मंजू ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिले के निकाय चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह बारहठ ने बेगूं सहित अन्य नगर निकायों में मतदान बूथों का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पुलिस एवं प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
1 लाख 11 हजार से अधिक मतदाताओं ने किया मतदान
शाम 6 बजे तक जिले की तीनों नगर निकायों में कुल 1 लाख 59 हजार 97 मतदाताओं में से 1 लाख 11 हजार 189 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर निकायवार प्राप्त आंकड़ों के अनुसार चित्तौड़गढ़ में 98 हजार 229 में से 66 हजार 667, रावतभाटा में 38 हजार 910 में से 25 हजार 999 तथा बेगूं में 21 हजार 958 में से 18 हजार 523 मतदाताओं ने मतदान किया।
बुजुर्गों और नव मतदाताओं में भी दिखा उत्साह
मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह नजर आया। बुजुर्ग मतदाताओं ने भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं पहली बार मतदान करने वाले नव मतदाताओं में विशेष उत्साह देखा गया। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्काउट-गाइड, स्वयंसेवकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने संभाली जिम्मेदारी
मतदान को सुगम बनाने में स्काउट-गाइड, छात्र-छात्रा स्वयंसेवकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के मार्गदर्शन, कतार व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सहयोग में इनकी सक्रिय भूमिका रही। वहीं मेडिकल टीमों ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़