Explore

Search

September 20, 2026 4:41 pm

श्री सांवलियाजी धाम में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 21 से 23 सितम्बर तक भव्य जलझूलनी एकादशी मेला

चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलियाजी मण्डफिया में इस बार जलझूलनी एकादशी का पर्व बेहद खास और अलौकिक होने जा रहा है। आगामी 21 से 23 सितम्बर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय भव्य मेले को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर इस धार्मिक उत्सव में देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। भगवान सांवरिया सेठ की भव्य रथयात्रा, विशाल शोभायात्रा, अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन और ख्यातिप्राप्त कलाकारों की भजन संध्याएं इस तीन दिवसीय मेले का प्रमुख आकर्षण होंगी। मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश धाकड़ ने मेले के कार्यक्रमों की जानकारी दी। मेले का आगाज़ सोमवार 21 सितम्बर को दोपहर 2 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से निकलने वाली विशाल शोभायात्रा के साथ होगा। प्रथम दिन की रात साहित्यानुरागी और संगीत प्रेमियों के नाम रहेगी। मण्डफिया बाईपास पर रात 9 बजे अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें शैलेष लोढ़ा, संजय झाला, भुवन मोहिनी, दीपक पारीक, शम्भु शिखर और राम भदावर जैसे देश के प्रख्यात कवि अपनी रचनाओं से समां बांधेंगे। वहीं, मेला ग्राउंड स्थित मीरा एवं गोवर्धन रंगमंच पर नितिन बागवान, कृतिका मालविया, नेहा-शिल्पी सोनी और चिराग राजस्थानी डांस ग्रुप की सांस्कृतिक व भजन प्रस्तुतियां होंगी। मेले का मुख्य धार्मिक आयोजन मंगलवार, 22 सितम्बर को जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर होगा। दोपहर 12 बजे सांवरिया सेठ की अलौकिक रथयात्रा मंदिर परिसर से रवाना होकर सांवरिया सरोवर तक जाएगी, जहाँ भगवान को जलविहार कराया जाएगा। 22 सितम्बर की रात सुरों का महासंगम देखने को मिलेगा। मण्डफिया बाईपास स्टेज पर सुप्रसिद्ध गायक बी. प्राक मय दल विशाल भजन संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही मीरा और गोवर्धन रंगमंच पर प्रकाश माली, सवाई भाट, आशा वैष्णव, मोनिका भदौरिया एवं दिव्यांश वर्मा अपनी सुरीली तानों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। मेले के अंतिम दिन बुधवार 23 सितम्बर को भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर रात 9 बजे मीरा रंगमंच पर प्रसिद्ध गायक छोटू सिंह रावणा विशाल भजन संध्या की प्रस्तुति देंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आस्था के महाकुंभ के दौरान समूची मण्डफिया नगरी जय सांवरिया सेठ के जयकारों से गुंजायमान रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर मंडल व स्थानीय प्रशासन द्वारा कड़े प्रबंध किए गए हैं।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर