Explore

Search

October 5, 2026 8:39 pm

दबिश के दौरान पुलिस पर पथराव: 9 वारदातों का पर्दाफाश, इनामी गिरोह का एक बदमाश गिरफ्तार, 4 नामजद

चित्तौड़गढ़। जिला स्पेशल टीम डीएसटी/चोरी निरोधक टीम और पारसोली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दबिश के दौरान पुलिस पर पथराव करने के मामले में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के 4 अन्य सदस्यों को नामजद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ व भीलवाड़ा तथा मध्य प्रदेश के रतनगढ़ क्षेत्र की 9 चोरी व नकबजनी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी बेगूं अंकित कूड़ी के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी पारसोली आशुतोष सिंह तथा डीएसटी चित्तौड़गढ़ की एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
3 अक्टूबर 2026 को डीएसटी को सूचना मिली कि विभिन्न जिलों में वांछित इनामी अभियुक्त दिलीप कंजर अपने साथियों के साथ गैंग बनाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने काटूंदा मोड़ के पास जाल बिछाकर निगरानी शुरू की। तभी बिना नंबर की एक बाइक पर 2 संदिग्ध दिखाई दिए।
जब पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो इनामी दिलीप कंजर और उसके अन्य साथियों ने अचानक पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए गिरोह के एक सदस्य को दबोच लिया, जबकि अन्य 4 आरोपी भागने में सफल रहे। पारसोली थानाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि काटूंदा के पास आरोपी को पकड़ने गई टीम पर पथराव से दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।

◆ इन 9 वारदातों का हुआ पर्दाफाश

साड़ास थाना (शादी गांव): एक माह पूर्व घर के पीछे की खिड़की निकालकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी।

हमीगढ़ क्षेत्र: एक मकान से सोने-चांदी के जेवरात चोरी।

बेगूं थाना (गुणता गांव)- मकान से सोने के टॉप्स, मादलिया, कान के लॉग और चांदी के जेवर चोरी।

राजगढ़ क्षेत्र: 6 माह पूर्व मकान के सामने की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात।

बड़लियास (किशनपुरा, भीलवाड़ा)-सोने के टॉप्स और रामनवमी मादलिया चोरी।

बड़लियास क्षेत्र: भीलवाड़ा के पास एक गांव के मकान से नकदी चोरी।

बिजौलियां थाना क्षेत्र: एक सुपर स्पलेंडर मोटरसाइकिल चोरी।

गेंदलियास (बड़लियास थाना क्षेत्र): एक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी।

रतनगढ़ (एमपी, जाट रोड़)- एक मकान से सोने-चांदी के जेवर चोरी।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर