
चित्तौड़गढ़। राज्य के चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में गुरुवार को वायुसेना का 94वां स्थापना दिवस प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के शंकर मेनन सभागार में आयोजित हुए समारोह की मुख्य अतिथि उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल थी। स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं संयोजक धीरज शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि स्कूल में वायु सेना दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। एनसीसी के कैडेट राजपाल सिंह यादव एवं हर्षराज सिंह झाला ने भारतीय वायु क्षेत्र की सुरक्षा के क्षेत्र में वायु सेना की जबरदस्त क्षमता का महिमामंडन करते हुए वायु सेना की उपलब्धियों का बखान किया। इस अवसर पर कैडेट्स को भारतीय वायु सेना पर आधारित एक शॉर्ट डॉक्युमेंट्री दिखाई गई।
मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन हमें याद दिलाता है कि भारतीय वायुसेना न केवल हमारे आकाश की रक्षा करती है, बल्कि जब भी देश पर कोई संकट आता है चाहे वह युद्ध हो, प्राकृतिक आपदा हो या मानवता की सेवा का कोई अवसर हमारी वायुसेना हर बार सबसे आगे खड़ी मिलती है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना ने अपनी स्थापना से लेकर आज तक देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वायु योद्धाओं का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कैडेट्स से भारतीय सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कैडेट्स को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने, चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया एवं सभी को भारतीय वायु सेना दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर स्कूल के समस्त स्टाफ एवं छात्र उपस्थित थे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़