‘माय सर्कल न्यूज का एग्जिट पोल’
चित्तौड़गढ़। जिले में पंचायत राज चुनाव के तीसरे और चौथे चरण का मतदान पूरा हो चुका है। अब सभी की निगाहें 20 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जिससे यह साफ होगा कि जिले की पंचायत समितियों और जिला परिषद में किस दल का बोर्ड बनेगा।
एग्जिट पोल के पूर्वानुमान में कांग्रेस को बढ़त

मतदान के बाद से ही राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर कयासों का दौर तेज हो गया है। इस बार पिछले चुनावों की तुलना में कांग्रेस की स्थिति में सुधार देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, जिला परिषद की 35 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़े मुकाबले के आसार हैं। वहीं, कपासन, भूपालसागर, बड़ीसादड़ी, राशमी और डूंगला समेत 5 पंचायत समितियों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। कई राजनीतिक जानकारों का कहना हैं कि 19 सीटों के साथ कांग्रेस पूर्ण बहुमत से बोर्ड बना देगी। वही भाजपा का मानना हैं कि वह 20 सीटों से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। जीत-हार के गणित को साधने के लिए दोनों ही प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर रखी हैं। हालांकि, हाल ही में भाजपा के रिसॉर्ट में चल रही बाड़ेबंदी से दो महिला प्रत्याशी रति पुरोहित और संतोष जाट के बाहर आने से राजनीतिक चर्चाएं और गरमा गई हैं। जिला परिषद में सामान्य महिला वर्ग की सीट होने के कारण प्रमुख पद के लिए दावेदारों के नाम पर घमासान तय माना जा रहा है। भाजपा खेमे से विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर, कमलेश पुरोहित की पत्नी रति पुरोहित समेत कई नाम चर्चा में हैं। एक ही पार्टी से कई मजबूत दावेदार होने के कारण भीतरखाने तकरार की स्थिति बन सकती है। कांग्रेस खेमे से जिला प्रमुख के लिए बड़ीसादड़ी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे बद्री लाल जाट की पत्नि रतनी देवी जाट का नाम प्रमुखता से चल रहा हैं। फिलहाल, असली तस्वीर 20 नवंबर को मतगणना के बाद ही साफ होगी कि जिला प्रमुख की कुर्सी पर कौन काबिज होता है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़