Explore

Search

September 26, 2026 11:02 am

भीषण गर्मी में मूक पक्षियों की सेवा के लिए शाहपुरा में परिंडे बांधने का अभियान शुरू


शाहपुरा। शाहपुरा में भीषण गर्मी के चलते मूक पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जीव दया सेवा समिति द्वारा परिंडे बांधने के अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान एक सादे लेकिन भावनात्मक समारोह में भाणा गणेश मंदिर के पास आयोजित किया गया, जहां समिति के संयोजक अत्तु खां कायमखानी के नेतृत्व में परिंडे बांधकर निशुल्क वितरण के साथ इस पुनीत कार्य का श्रीगणेश किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक भारद्वाज, पीसीसी सदस्य संदीप जीनगर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकंद तोषनीवाल, रमेश शर्मा, प्रभु सुगंधी, अंबेडकर विचार मंच के देबीलाल बैरवा, अभिभाषक संस्था के सहसचिव कमलेश मुंडेतिया और सांवरलाल कुमावत जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति संयोजक अत्तु खां कायमखानी ने इस अवसर पर कहा कि गर्मी की इस भीषण स्थिति में मूक पक्षी चुग्गा और पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं। ऐसे में यह हम सभी का दायित्व है कि आगे आकर इन बेजुबानों की सेवा करें। उन्होंने सभी वर्गों से इस कार्य में सहभागी बनने का आग्रह करते हुए कहा कि यह कार्य न केवल सेवा का बल्कि पुण्य का भी माध्यम है। उन्होंने यह भी बताया कि ष्पशु और पक्षी बोल नहीं सकते, लेकिन उन्हें भी हमारी तरह भूख-प्यास लगती है। इसलिए इन मूक प्राणियों की सेवा करना हमारा नैतिक कर्तव्य बनता है।
पीसीसी सदस्य संदीप जीनगर ने कहा, मूक प्राणियों की सेवा से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और पुण्य में वृद्धि होती है। यह सेवा कार्य समाज में करुणा और मानवता की मिसाल प्रस्तुत करता है। उन्होंने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज के हर व्यक्ति को इसमें भागीदारी करनी चाहिए।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकंद तोषनीवाल ने समिति के कार्यों को गैर-राजनीतिक और सांप्रदायिक सद्भावना का प्रतीक बताते हुए कहा कि जीव दया सेवा समिति मूक पक्षियों और निराश्रित पशुओं के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। हम सभी को ऐसे सामाजिक कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने समिति को हर संभव सहयोग देने का संकल्प भी जताया।
अत्तु खां कायमखानी ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके अंतर्गत माताजी का खेड़ा, हनुतिया, डोहरिया, संतोषपुरा, प्रतापपुरा, रूपपुरा, गोपालपुरा (बाष्टा), दौलतपुरा, मेवदा, और नारायणपुरा जैसे सीमावर्ती गांवों में भी परिंडे वितरण किए जाएंगे।
अभिभाषक संस्था के सहसचिव कमलेश मुंडेतिया ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पक्षियों को गर्मी से राहत पहुंचाना और समाज में सेवा और करुणा का भाव जगाना है। शाहपुरा में शुरू हुआ यह अभियान न केवल पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने की दिशा में एक प्रयास है, बल्कि यह समाज के संवेदनशील और जागरूक होने का परिचायक भी है। जीव दया सेवा समिति का यह कदम निश्चित ही अन्य सामाजिक संगठनों और आमजन को भी प्रेरणा देगा कि वे भी इन मूक जीवों की सेवा में आगे आएं।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर