
◆ प्रायोगिक तौर पर एकतरफा यातायात व्यवस्था शुरू, शनिवार एवं रविवार को रहेगी लागू
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर स्थानीय निवासियों एवं देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा प्रभावी पहल की गई है।
जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उप अधीक्षक यातायात, सहायक निदेशक पर्यटन, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण सहायक, फतेह प्रकाश संग्रहालय के संग्रहाध्यक्ष, नगर परिषद के अधिकारी, फायर ऑफिसर सहित संबंधित अधिकारियों ने दुर्ग पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुर्ग पर यातायात को सुगम बनाने तथा जाम की स्थिति से बचाव के लिए विभिन्न विकल्पों पर चर्चा कर मौके पर आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।
इसी क्रम में सतबीस देवरी मंदिर के बाहर बैरिकेडिंग कर दुर्ग से नीचे आने वाले वाहनों के लिए एकतरफा यातायात व्यवस्था का प्रायोगिक संचालन शुरू किया गया। इसके तहत दुर्ग से नीचे आने वाले वाहनों को सतबीस देवरी मंदिर के समीप वाली सड़क से डायवर्ट करते हुए रामपोल की ओर से नीचे उतारा गया।
अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था प्रायोगिक तौर पर शनिवार एवं रविवार को लागू की जाएगी। व्यवस्था के परिणामों एवं आमजन की सुविधा का आकलन करने के बाद इसे आवश्यकता के अनुरूप नियमित रूप से लागू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय ने स्थानीय निवासियों, पर्यटकों एवं वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग प्रदान करने तथा निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
बृजेश सिंह, पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय भूराराम, पुलिस उप अधीक्षक यातायात
विवेक जोशी, सहायक निदेशक पर्यटन प्रेम शर्मा, संरक्षण सहायक ASI ,गुलशन, संग्रहाध्यक्ष, फतेह प्रकाश म्यूज़ियम अग्निंशमन अधिकारी, नगर परिषद सहित कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़