
बेगूं। आगामी बारावफात और अनंत चतुर्दशी पर्वों को लेकर गुरुवार को बेगूं नगर में पुलिस और प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च की शुरुआत लालबाई-फूलबाई चौक से हुई, कतला चौक, गांधी चौक, बड़ी मस्जिद, दमाजी की हवेली, चाँद तारा बिल्डिंग होते हुए आखरिया चौक तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने पैदल मार्च कर आमजन को शांति, सुरक्षा और सौहार्द का संदेश दिया।

अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस चाक चौबंद रहेगी। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी तैनात किया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों को शांति और सौहार्द्र के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। फ्लैग मार्च के दौरान डीएसपी अंजली सिंह,तहसीलदार गोपाल जीनगर, नायब तहसीलदार विष्णु यादव, बेगूं थानाधिकारी शिवलाल मीणा सहित भारी पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -