
चित्तौड़गढ़। आगामी त्यौहारों एवं चुनाव को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह द्वारा शनिवार को पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, आगामी त्यौहारों एवं चुनाव के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने सभी अधिकारियों से जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने, वांछित अपराधियों की धरपकड़ करने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यक पुलिस जाप्ता तैनात करने तथा आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। चुनाव के मद्देनजर जिला पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियां समय पर पूर्ण करने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं निगरानी बढ़ाने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाए।
बैठक में सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखने तथा भ्रामक, अफवाहजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता और मनोबल बनाए रखने में आपसी समन्वय एवं टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी जवानों को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आगामी त्यौहारों एवं चुनाव के दौरान पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -