चित्तौड़गढ़। Ajay Raj HatyaKand चित्तौड़गढ़ शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सेमलपुरा के समीप एक खाने की होटल में गत एक जून को संगठित हमलावरों ने हमला कर अजय राज सिंह नामक युवक की हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, वहीं लम्बी तलाश के बाद इस मामले के मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह को उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से हथियार बरामद करने के प्रयास में जुटी है वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महाराष्ट्र के धुलिया में फरारी काटी थी। इस मामले में मूलतः भीलवाड़ा जिले के सहाड़ा ब्लॉक के रहने वाले हिमांशु जाट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है वहीं उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस अनुसंधान में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत एक जून को बजरी विवाद के चलते कोतवाली थाना क्षेत्र के सेमलपुरा के समीप एक होटल में अजयराज सिंह नामक युवक की हत्या कर दी थी। इस मामले में दो दिन पूर्व ईश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। जिससे पूछताछ में सामने आया हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह ने महाराष्ट्र धुलिया में फरारी काटी थी और उसे शरण देने के मामले में पुलिस ने हिमांशु पुत्र सोहनलाल जाट को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि प्रारंभिक रूप से आरोपी ईश्वर का एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से धुलिया में आइसक्रीम का व्यवसाय करने वाले सोहन लाल और उसके पुत्र हिमांशु जाट की शरण में फरारी काटी थी। जानकारी में आया है कि सोहन लाल जाट भीलवाड़ा जिले में सहाड़ा ब्लॉक में कांग्रेस का पदाधिकारी है और पिता पुत्र दोनों पर अपराधिक मामले भी दर्ज है। पुलिस सोहन लाल जाट की भूमिका के संबंध में भी जांच में जुटी है। अपराध का भीलवाड़ा कनेक्शन हत्याकांड का मामला बजरी से जुड़े होने के कारण इस पूरे मामले में भीलवाड़ा जिले के भी बजरी कारोबार से जुड़े कई लोगों की संदिग्ध भूमिका सामने आई है। चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा की सरहद पर बनास नदी से बड़ी मात्रा में अवैध बजरी खनन किया जाता है। कपासन, राशमी और भीलवाड़ा हमीरगढ़ से बजरी निकालकर उसे ऊंचे दामों में भेजा जाता है
और इसके कारण दोनों ही जिलों में बजरी माफिया पनप गये है। यही कारण है कि आरोपियों की फरारी भी भीलवाड़ा जिले के रहने वाले लोगों के यहां रही है।
◆एक और आरोपी की तलाश, दबिश जारी
अजयराज हत्याकांड मामले में पुलिस लम्बे समय से मुख्य आरोपियों की तलाश में जुटी थी। ईश्वर सिंह के गिरफ्तार होने के बाद इस मामले के एक और मुख्य वांछित अपराधी भैरू झुपड़ा की तलाश में पुलिस जुटी
हुई है। इस मामले में डेढ दर्जन से अधिक गिरफ्तारियां होने के बावजूद अभी और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। बजरी विवाद और संगठित अपराध से जुड़ा होने के कारण मामला हाई प्रोफाइल बन गया था। अब पुलिस लगातार आरोपियों को शरण देने वालों पर भी निगाह गढ़ाये हुए है और उन्हें भी नामजद किया जा रहा है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने बताया कि सभी संदिग्धों की भूमिका का वेरिफिकेशन कर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल एक नवम्बर तक ईश्वर सिंह रिमांड पर है और हथियार बरामदगी के प्रयास जारी है। इधर जानकारी में आया है कि पुलिस ने भीलवाड़ा जिले से एक-दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़