Explore

Search

April 16, 2026 12:52 pm

राशमी तहसीलदार,भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवारी पर कार्रवाई की मांग,राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

राशमी। क्षेत्र के जाड़ाना ग्रामवासियों ने तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक भीमगढ़ और पटवारी जाड़ाना के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी अंजू शर्मा को सौंपा। ग्रामीणों ने राजस्व रिकॉर्ड में जानबूझकर गलतियां करने का आरोप लगाया है और 15 दिन में कार्रवाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।ज्ञापन में बताया गया कि सुंदर देवी तेली ने कृषि आराजी पंजीकृत विक्रय पत्र से खरीदी थी, जिसका नामांतरण भी खोला गया था। हालांकि, राजस्व कर्मियों ने बिना किसी सक्षम न्यायालय के आदेश के इस जमीन को पुनः विक्रेता रुकमणी सुखवाल के नाम दर्ज कर दिया। जबकि मौके पर वास्तविक भौतिक कब्जा सुंदर देवी का ही है। इसी तरह उदयलाल अहीर ने भी पंजीकृत विक्रय पत्र से कृषि भूमि खरीदी थी। आरोप है कि राजस्व कर्मियों ने आपस में मिलीभगत कर विक्रेता को लाभ पहुंचाने के इरादे से उक्त रकबे में से पांच बिस्वा जमीन पुनः विक्रेतागण के नाम दर्ज कर दी। एक अन्य मामले में, प्रेम देवी अहीर और हेमराज अहीर ने जाड़ाना में कृषि भूमि खरीदी थी। इसमें भी राजस्व कर्मियों ने खरीदी गई आराजी का रकबा 10 बिस्वा कम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ये गलतियां जानबूझकर नुकसान पहुंचाने और शुद्धिकरण के नाम पर राशि ऐंठने के लिए की गई हैं।ग्रामीणों ने बताया कि इन तीनों प्रकरणों में पटवारी, भू-अभिलेख निरीक्षक और तहसीलदार द्वारा जानबूझकर राजस्व रिकॉर्ड में गलतियां की जा रही हैं। उनका आरोप है कि ये त्रुटियां काश्तकारों को परेशान करने और उनसे अवैध वसूली करने के उद्देश्य से की गई हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि तीनों काश्तकारों द्वारा तहसीलदार, उपखंड अधिकारी और जिला कलेक्टर चित्तौड़गढ़ के समक्ष कई बार आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। हालांकि, धरातल पर आज दिनांक तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।ग्रामीणों ने पटवारी, भू-अभिलेख निरीक्षक और तहसीलदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और उनका अविलंब अंतर-जिला स्थानांतरण किए जाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिवस में कार्रवाई नहीं की गई, तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान हेमराज अहीर, प्रेम देवी अहीर, उदयलाल अहीर, सुंदर देवी तेली, रामलाल सुखवाल, श्यामलाल सुखवाल, बंशीलाल अहीर, मिट्ठू लाल तेली और एडवोकेट राजेंद्र सुखवाल सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर