Explore

Search

March 4, 2026 8:39 pm

दो माह में तस्करी के 156 आरोपी गिरफ्तार, 45 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त, तस्करी में प्रयुक्त 62 वाहन किये जब्त

चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में गत दो माह के दौरान व्यापक, संगठित एवं परिणामोन्मुखी कार्यवाही की गई है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना, युवाओं को नशे की लत से बचाना तथा अपराध पर नियंत्रण स्थापित करना है। माह फरवरी में ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही हुई हैं। अभियान के तहत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित कर नियमित नाकाबंदी, एरिया डोमिनेशन, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, खुफिया तंत्र की सक्रियता एवं मुखबिर तंत्र के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से लगातार दबिश दी गई। परिणामस्वरूप गत दो माह में पुलिस द्वारा कुल 100 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 156 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमें गठित कर सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इन कार्यवाहियों के दौरान पुलिस द्वारा 45 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। महानिरीक्षक उदयपुर रेंज श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। तस्करी में संलिप्त संगठित गिरोहों की पहचान कर उनकी सम्पत्ति, आर्थिक स्रोतों एवं नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा इस वर्ष जनवरी व फरवरी माह में कुल 100 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 156 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। जब्त किए गए पदार्थों में 20 किलोग्राम अफीम, 4480 किलोग्राम डोडाचूरा, 69 किलोग्राम गांजा, 1.700 किलोग्राम एमडीएमए तथा 229 ग्राम स्मेक प्रतिबंधित मादक पदार्थ शामिल हैं। जब्ती की गई सामग्री का विधि अनुसार परीक्षण कर सुरक्षित भंडारण किया गया है तथा संबंधित मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कठोर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर गहन अनुसंधान जारी है। पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही के दौरान तस्करों द्वारा तस्करी में प्रयुक्त 62 वाहनों को जब्त किया गया है।
पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी में दो आदतन अपराधियों के विरूद्ध निरुद्धगी की कार्यवाही करने हेतु गृह विभाग को इस्तगासा भेजे गए है, वहीं एक मामले में अपराधी की अवैध व्यापार से अर्जित संपत्ति को फ्रिज करने हेतु इस्तगासा भिजवाया गया है। वहीं मादक पदार्थों और वाहनों के निस्तारण में भी प्रभावी कार्यवाही हुई हैं, तस्करी में जब्त 56 वाहनों को खुली बोली द्वारा नीलाम तथा 113 प्रकरणों में जब्त 130 क्विंटल से अधिक अवैध डोडाचूरा, गांजा, ब्राउनशुगर, अल्प्राजोलम व एमडीएमए को पुलिस द्वारा नष्ट किया गया ।
जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना या कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। समाज के सहयोग से ही नशामुक्त एवं अपराधमुक्त जिले की परिकल्पना साकार की जा सकती है। जिले में निवासरत अपराधियों, अवैध मादक पदार्थ, हथियार अथवा अन्य महत्वपूर्ण आपराधिक गतिविधियों से संबंधित गोपनीय सूचनाएं प्राप्त करने के लिए एक मोबाइल नंबर 94604-25643 जारी किया गया है। जिला पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर, सतत एवं प्रभावी कार्यवाही जारी रखेगी तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाते रहेंगे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर