Explore

Search

April 21, 2026 1:14 am

जिला कलक्टर ने ली ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सोमवार को बेगूं पंचायत समिति के सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं जनता जल योजना, जल जीवन मिशन, उच्च जलाशयों की स्थिति एवं अवैध कनेक्शनों की जानकारी लेकर कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण एवं जनजागरूकता गतिविधियों पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सालयों में चल रहे कार्यों, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।

जिला कलक्टर ने सीडीपीओ से आंगनवाड़ी केन्द्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी केन्द्रों में वेट मशीन की कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा बारिश से पूर्व छतों की सफाई कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों के जर्जर भवनों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जर्जर भवनों में बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने ग्राम सभाओं के नियमित आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को स्वयं अपनी आईडी से प्रकरणों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं अतिक्रमण मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आमजन के साथ नम्रता एवं संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने एवं दुर्घटना/मृत्यु से संबंधित दावों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश भी दिए।

बैठक में रावतभाटा के अतिरिक्त जिला कलक्टर  विनोद मल्होत्रा, बेगूं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, तहसीलदार सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर