कोटा। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कोटा की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सीबीएन ने कोटा-झालावाड़ हाईवे पर दो पिकअप वाहनों को जब्त कर उनमें छिपाकर ले जाया जा रहा 938 किलो 300 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। तस्करों ने नशे की इस खेप को छिपाने के लिए तस्करी का बिल्कुल नया तरीका अपनाया था। पकड़े गए दोनों महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहनों में कुल 3267 किलो लहसुन भरा हुआ था। डोडाचूरा की 104 बोरियों को बड़ी चालाकी से लहसुन की बोरियों के अंदर ही छिपाया गया था, ताकि किसी को शक न हो। सीबीएन कोटा के अधिकारियों को खुफिया जानकारी मिली थी कि राजस्थान नंबर की दो पिकअप गाड़ियां मंदसौर मध्यप्रदेश क्षेत्र से अवैध डोडा चूरा लेकर नागौर की ओर जा रही हैं। सूचना मिलते ही सीबीएन की टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध मार्ग पर कड़ी निगरानी शुरू की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन कोटा-झालावाड़ हाईवे पर स्थित मंडाना टोल प्लाजा पहुंचे, सीबीएन की टीम ने उन्हें घेर लिया। हाईवे पर सुरक्षा और भीड़भाड़ को देखते हुए, वाहनों को तलाशी के लिए कोटा स्थित सीबीएन कार्यालय लाया गया। वहां गहन तलाशी लेने पर प्रत्येक वाहन से 52-52 बोरियां अवैध डोडा चूरा की बरामद हुईं। नारकोटिक्स विभाग ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मादक पदार्थ सहित दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन पर एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि तस्करी के इस तार के पीछे और कौन-कौन से बड़े गिरोह शामिल हैं। नरेश बुंदेल डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर के सुपरविजन एवं अमर सिंह कन्नौजिया अधीक्षक के नेतृत्व में इस कार्यवाई को अंजाम दिया गया।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़