
चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज, सलमान। शिक्षा विभाग में फर्जी दिव्यांग प्रमाण-पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने वाले पांच शिक्षकों के खिलाफ विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इन पांचों शिक्षकों को तुरंत प्रभाव से निलंबित करते हुए उन्हें 16-सीसी का नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही संबंधित स्कूलों के संस्था प्रधानों द्वारा बड़ीसादड़ी, चंदेरिया और भैंसरोडगढ़ थानों में मामले दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वही एक बानसेन के शिक्षक के विरुद्ध कुछ दिनों पहले ही भदेसर पुलिस थाना में मामला दर्ज हुआ था।

शिक्षा विभाग ने इन दिव्यांग शिक्षकों के खिलाफ तैयार की गई जांच रिपोर्ट को बंद लिफाफे में एसओजी जयपुर को भेज दिया है। विभागीय कार्रवाई के तहत निलंबित होने वाले शिक्षकों में बड़ीसादड़ी ब्लॉक के बोहेड़ा स्कूल के लेवल-1 जयवीर सिंह व नलवाई स्कूल की दुर्गा गुर्जर लेवल-2, चित्तौड़गढ़ ब्लॉक के भूपालपुरा (नारेला) स्कूल के मनीष कुमार मीणा लेवल-2 और भैंसरोडगढ़ ब्लॉक के दीपपुरा स्कूल के बाल मुकुंद वैष्णव लेवल-2 शामिल हैं। इसके अलावा बानसेन के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत अध्यापक लेवल-वन चंद्रेश कुमार के खिलाफ भदेसर थाने में नामजद मुकदमा दर्ज हो चुका है। आरोपी चंद्रेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत जालसाजी का प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अनुसार, वर्ष 2016, 2018, 2021 और 2022 की शिक्षक भर्तियों के तहत जिले में कुल 85 दिव्यांग शिक्षकों की नियुक्तियां हुई थीं। निदेशालय के आदेश पर जब गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा इन सभी का पुनः परीक्षण कराया गया, तो इन पांचों शिक्षकों की दिव्यांगता भर्ती के निर्धारित कानूनी मानदंडों से काफी कम पाई गई। इससे स्पष्ट हो गया कि नियुक्ति के समय पेश किए गए प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी थे।
◆ निदेशालय के सख्त रुख के बाद बढ़ी हलचल
निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बीकानेर द्वारा सितंबर 2025 में सभी जिलों को दिव्यांग कोटे से नियुक्त कार्मिकों की दोबारा जांच के आदेश दिए गए थे। तय समय सीमा में कार्रवाई न होने पर निदेशालय ने कड़ा स्मरण पत्र जारी किया, जिसके बाद चित्तौड़गढ़ शिक्षा विभाग ने जांच में तेजी दिखाई। कार्मिक विभाग के नियमों के मुताबिक, फर्जीवाड़ा साबित होने पर एफआईआर और एसओजी को रिपोर्ट भेजना अनिवार्य है।
◆ 141 अन्य माध्यमिक शिक्षकों की भी होगी जांच
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा के 85 दिव्यांग शिक्षकों की जांच के बाद अब माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत सीधी भर्ती से नियुक्त दिव्यांग प्रेंसिपल और शिक्षकों का भी दुबारा मेडिकल जांच करवाने के प्रक्रिया शुरू हो गई हैं। जिले में ऐसे 141 दिव्यांग कार्मिक कार्यरत हैं। इन सभी की दोबारा मेडिकल जांच कराने के लिए उदयपुर मेडिकल कॉलेज से विस्तृत शेड्यूल मांगा गया है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़