Explore

Search

September 27, 2026 11:22 am

मंदिर की दीवार ढही, सात मवेशियों की मौत,राशमी के नेवरिया गांव में हादसा, दो घर भी क्षतिग्रस्त

राशमी। क्षेत्र के नेवरिया गांव में मंगलवार रात गढ़ के बालाजी मंदिर की करीब 50 फीट लंबी दीवार ढह गई। इस हादसे में मंदिर से सटे एक नोहरे में बंधे सात मवेशियों की मलबे में दबकर मौत हो गई। तेज बारिश और हवाओं के कारण यह घटना हुई।

मृत मवेशियों में दो भैंसे, तीन गायें और दो पाडियां शामिल हैं। दीवार का मलबा मांगीलाल पुत्र नंदराम जाट के नोहरे पर गिरा था। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि, पास के दो घरों को भी दीवार गिरने से नुकसान पहुंचा है।

दीवार गिरने से हुए धमाके के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पहुना चौकी प्रभारी धुड़ाराम भी घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया, जिसके बाद मृत मवेशियों को बाहर निकाला गया। इस घटना में करीब चार से पांच लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।

घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार श्री लाल मीणा, पटवारी और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृत पशुओं के लिए मुआवजे और मंदिर परिसर की सुरक्षा दीवार को दोबारा बनवाने की मांग की है।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर