Explore

Search

November 2, 2026 8:03 pm

पंचायत चुनाव : अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल रवाना



◆ जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने दिए निर्देश, मतदान से सुरक्षा तक हर व्यवस्था चाक-चौबंद

चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान को लेकर सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद चित्तौड़गढ़, भदेसर, भोपाल सागर, कपासन और राशमी पंचायत समितियों के लिए मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने मतदान कार्मिकों और पुलिसकर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतें।

मतदान सामग्री एवं ईवीएम की समुचित जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करें। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा अन्य कठिनाई आने पर तत्काल सेक्टर मजिस्ट्रेट या संबंधित निर्वाचन अधिकारी को सूचित करें तथा प्राप्त निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी कार्मिकों से आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना करने का आह्वान किया।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित मतदान दलों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा संबंधी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के साथ संवेदनशील परिस्थितियों में विशेष सतर्कता बरती जाए। पुलिसकर्मी संयमित एवं शालीन व्यवहार रखते हुए निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया में सहयोग करें तथा किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं बरतें।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़, विशेषाधिकारी रविन्द्र मेघवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, यूआईटी से अंशुल अमेरिया, प्रशिशु आरएएसी पुष्पराज गोस्वामी सहित पांचों पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी तथा प्रशिक्षण टीम के डॉ. कनक जैन एवं ओमप्रकाश पालीवाल, कलक्ट्रेट के  कार्यालय अधीक्षक विवेक व्यास सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर