Explore

Search

October 24, 2026 10:52 am

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर सात दिन में कार्रवाई की रिपोर्ट देने के निर्देश

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देश पर गुरुवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक समिति कक्ष में अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) राजलक्ष्मी गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्य तथा सड़क सुरक्षा उपायों की प्रभावी क्रियान्विति को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में गत बैठक के निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को प्रत्येक सप्ताह कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए गए सुधारात्मक कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट आगामी सात दिवस में उपलब्ध कराने तथा प्रतिमाह होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की सूची संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं उपखंड अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में ई-डार पोर्टल के आंकड़ों के आधार पर माहवार एवं समयवार सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई तथा सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग, मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड एवं ग्रामीण सड़कों पर आवश्यक सुधार कार्य करवाने, उचित स्थानों पर सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने तथा रिफ्लेक्टिव साइन और रिफ्लेक्टिव टेप की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही आवारा पशुओं पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। बैठक में एनएचएआई, सार्वजनिक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं स्थानीय), चिकित्सा, शिक्षा, आई-रेड तथा पुलिस विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर