
चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज।
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत उदपुरा के सरपंच पद के हालिया चुनावों (05 नवंबर 2026) में गंभीर अनियमितताओं और धांधली के आरोप सामने आए हैं। पराजित निर्दलीय प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर प्रत्येक मतपत्र की सील की पुनः जाँच और निष्पक्ष पुनर्मतगणना की मांग की है। साथ ही, विजयी प्रत्याशी पर दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में नाम होने और गलत शपथ-पत्र देकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन रद्द करने की मांग की गई है।
◆ मात्र 46 मतों के अंतर से हुई है जीत
ज्ञापन देने वाले निर्दलीय प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह पुत्र तख्त सिंह, निवासी सांकल खेड़ा ने बताया कि उदपुरा ग्राम पंचायत के सरपंच पद के चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी उदयलाल उर्फ उदयराम उर्फ उदा गुर्जर को अवैधानिक मिलीभगत से मात्र 46 मतों के मामूली अंतर से विजयी घोषित किया गया है, जबकि संपूर्ण चुनाव और मतगणना प्रक्रिया में राजस्थान पंचायती राज निर्वाचन नियमावली की खुलेआम अवहेलना की गई है।
● पारदर्शिता का अभाव और घेरा बनाकर गिनती
आरोप है कि मतगणना के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर और दल ने नियमानुसार प्रत्याशियों के सामने पंक्ति में बैठकर मतपत्रों की छंटनी नहीं की। इसके विपरीत, कार्मिकों ने आपस में घेरा बनाकर गोपनीय तरीके से बंडलों की गिनती की, जिससे किसी भी प्रत्याशी को मतपत्रों पर लगी चुनाव चिह्न की सील स्पष्ट रूप से देखने नहीं दी गई।
● बिना दिखाए 102 मतों को खारिज करना
मतगणना के दौरान कुल 102 मतपत्रों को खारिज किया गया, जो कि हार-जीत के अंतर 46 मत से दोगुने से भी अधिक हैं। नियमों के अनुसार किसी भी मतपत्र को निरस्त करने से पूर्व प्रत्याशियों या उनके एजेंटों को वह मतपत्र दिखाना अनिवार्य है, परंतु अधिकारियों ने ऐसा किए बिना सीधे विजेता की घोषणा कर दी।
◆दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में नाम
शिकायत में यह भी खुलासा किया गया है कि विजयी घोषित प्रत्याशी उदयलाल का मूल निवास ग्राम पंचायत अमरपुरा (वार्ड-3, क्रमांक-190) है, और इसके साथ ही उन्होंने अपने ननिहाल ग्राम बरसिंह का गुड़ा, ग्राम पंचायत उदपुरा (वार्ड-3, क्रमांक-61) की मतदाता सूची में भी अपना नाम दर्ज करवा रखा है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 (धारा 17 व 18) तथा राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 के तहत एक व्यक्ति दो जगह मतदाता सूची में नाम नहीं रख सकता। आरोप है कि नामांकन के समय गलत शपथ-पत्र देकर यह चुनाव लड़ा गया है।
◆ प्रमुख माँगें और न्यायालय में याचिका
प्रार्थी ने मांग की है कि सभी वैध एवं 102 खारिज मतपत्रों की प्रत्याशियों के समक्ष पुनः जाँच हो, साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने के लिए मतगणना कक्ष की सीसीटीवी व वीडियो रिकॉर्डिंग को सील कर जिला कोषागार में सुरक्षित रखा जाए तथा विजयी प्रत्याशी का निर्वाचन निरस्त करने की मांग की हैं। प्रार्थी पक्ष के अनुसार, इन गंभीर अनियमितताओं और अवैध नामांकन के विरुद्ध आज जिला न्यायालय चित्तौड़गढ़ में विधिवत चुनाव याचिका भी दायर कर दी गई है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़