Explore

Search

March 29, 2026 12:01 pm

राशमी पंचायत समिति की बैठक में सड़क,शिक्षा व पेयजल पर चर्चा,11 माह बाद आयोजित हुई साधारण सभा

राशमी। यहां शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार में पंचायत समिति की साधारण सभा का आयोजन किया गया। कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रधान दिनेश बुनकर ने की। करीब 11 माह बाद आयोजित साधारण सभा की बैठक में सड़क,पेयजल,अतिक्रमण व शिक्षा पर चर्चा के साथ ही विविध योजना के वार्षिक बजट का अनुमोदन किया गया। बैठक के शुरू में सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों पर चर्चा हुई। कनिष्ठ अभियंता भैरूलाल जाट ने सदन को बताया कि डाक बंगले का प्रस्ताव भेज दिया गया है। वही भट्खेड़ी से बनाकिया सड़क का कार्य प्रगति पर हैं। भीमगढ़ सरपंच गणेश लाल पुर्बिया ने गांव में सीमेंट कांक्रीट से सड़क सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। विधायक जीनगर ने उपरेडा में सीसी सड़क बनाने से क्षतिग्रस्त हुए नाले को सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा पुनः बनाए जाने के निर्देश दिए। रूद में बाईपास से अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए। वहीं पंचायत समिति से कस्बे की ओर सड़क के साइड में नालियां बनाई जाने के निर्देश दिए। पंचायत समिति सदस्य मोहनलाल नायक ने मुरोली गांव में अधूरे पड़े सड़क कार्य को पूरा किए जाने के साथ ही सीसी सड़क निर्माण की मांग की। अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रभु दयाल सैनी ने कारास में 4 वर्ष पहले मर्ज हुए स्कूल के पुनः खुलने की जानकारी दी। प्रधान दिनेश बुनकर ने राशमी में खेल मैदान से 11 केवी लाइन हटाने का प्रस्ताव रखा। चिकित्सा अधिकारी ने हाल ही में आए नए वायरस के संक्रमण को लेकर जानकारी दी। विधायक जीनगर ने रूद व भीमगढ़ में नए प्राथमिक अस्पतालों के लिए जमीन आवंटन के बारे में तहसीलदार से जानकारी ली। उपरेडा सरपंच नारायण अहीर ने उपरेडा में विद्यालय खेल मैदान की जमीन पथरीली होने से अन्य स्थान पर जमीन आवंटन का प्रस्ताव रखा। विधायक जीनगर ने डिंडोली फीडर से राशमी,भीमगढ़,बावलास,जाड़ाना तालाबों को भरने के लिए सर्वे किए जाने के निर्देश सिंचाई विभाग को दिए। बैठक के अंत में विकास अधिकारी ओमप्रकाश विजयवर्गीय ने वर्ष 2025-26 के लिए नरेगा वार्षिक कार्य योजना का अनुमानित वार्षिक बजट,पंचायत समिति वेतन भत्तों का बजट एवं ग्राम पंचायत के अनुमानित बजट पेश किया। जिसका सदन ने अनुमोदन किया। बैठक में उपखंड अधिकारी अंजू शर्मा,तहसीलदार बेणी प्रसाद सरगरा,पंचायत समिति सदस्य भैरूलाल खटीक,चंपालाल भील,प्रेम देवी जाट,अंजना गेलड़ा,मोहनलाल नायक,सरपंच बंशीलाल रेगर,भेरुलाल गुर्जर भी उपस्थित रहें।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर