
राशमी। लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस बार सड़क सुरक्षा सप्ताह नहीं बल्कि जनवरी के पूरे माह में सरकार की ओर से अभियान चलाया जा रहा हैं। जिसकी क्षेत्र में जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही हैं। सड़क सुरक्षा माह अभियान के लिए केवल पुलिस ही नहीं वरन परिवहन,चिकित्सा स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी,खान विभाग आदि की जिम्मेदारी होने के बावजूद उपखंड क्षेत्र में अभियान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। क्षेत्र में बिना नंबरी वाहनों से ओवरलोड बजरी ढोई जा रही है। इतना ही नहीं ओवरलोड एवं गिली बजरी परिवहन से क्षेत्र में सड़के भी तार-तार हो रही है। गिली बजरी ढोई जाने से रिसता पानी सड़कों को तार-तार कर रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। क्षेत्र में कई बिना नंबरी वाहन ओवरलोड बजरी ढोह रहे हैं। जिससे सरकार को भी राजस्व का चूना लग रहा है। इसके बावजूद मुख्य जिम्मेदार विभाग खान एवं परिवहन विभाग की ओर से कोई कार्यवाही नहीं किए जाने से उक्त वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं। वही कभी कभार कार्यवाही की भनक लगती हैं तो उक्त वाहन दिन के समय कारोबार बंद कर देते हैं वहीं रात्रि के समय धड़ल्ले से कारोबार शुरू हो जाता है। खान विभाग के जिला अधिकारी एहतेशाम सिद्दीकी ने बताया कि विभाग की ओर से ओवरलोड डंपरों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।