Explore

Search

January 13, 2026 7:39 am

वन विभाग द्वारा टाइगर एस्टीमेशन 2026 हेतु तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित

चित्तौड़गढ़। वन विभाग द्वारा देशभर में प्रारंभ की गई भारतीय बाघ गणना 2026 (छठा चक्र) के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ वनमंडल में टाइगर एस्टीमेशन एवं मांसाहारी वन्यजीवों के साइन सर्वे से संबंधित प्रशिक्षण आज वनमंडल कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में क्षेत्रीय वन अधिकारियों, वनपालों, सहायक वनपालों तथा संरक्षण टीम के सदस्यों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य वन क्षेत्र में मौजूद बाघ, तेंदुआ, लकड़बग्घा सहित अन्य मांसाहारी वन्यजीवों की उपस्थिति, उनकी गतिविधियों, पगमार्क, स्कैट (मल), स्ट्रेच मार्क, किल मार्क्स आदि वैज्ञानिक संकेतों के आधार पर उनकी वास्तविक संख्या एवं मूवमेंट का सटीक मूल्यांकन करना है। वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने दी तकनीकी जानकारी रणथम्भौर नेशनल पार्क के वरिष्ठ जीवविज्ञानी मोहम्मद मेराज ने प्रशिक्षणार्थियों को वन्यजीवों के साइन सर्वे, साक्ष्य एकत्रित करने की विधि, ट्रांसेक्ट लाइन सर्वे, पगमार्क पहचानने की तकनीक तथा फील्ड डेटा को मोबाइल ऐप में अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने वन्यजीवों के व्यवहार, शिकार पैटर्न तथा विभिन्न मांसाहारी प्रजातियों के स्कैट पहचानने के वैज्ञानिक तरीके भी बताए।
उप वन संरक्षक, चित्तौड़गढ़ राहुल झाझड़िया ने प्रशिक्षण के दौरान फील्ड सर्वे की महत्ता और डेटा की सटीकता पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षण के द्वितीय चरण में फील्ड विजिट कर साइन सर्वे, ट्रांसेक्ट लाइन सर्वे एवं कैमरा ट्रैप लगाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मेराज ने बताया कि टाइगर एस्टीमेशन देश की सबसे महत्वपूर्ण वन्यजीव गणना परियोजनाओं में से एक है, जिसका आयोजन प्रत्येक चार वर्ष में किया जाता है। चित्तौड़गढ़ में आयोजित यह प्रशिक्षण इसी राष्ट्रीय प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, जिससे फील्ड स्टाफ को वैज्ञानिक पद्धति से डेटा संकलन में दक्षता प्राप्त होगी।
प्रादेशिक वनखण्ड चित्तौड़गढ़, कपासन, विजयपुर, बेगू, बोराव, जावदा, रावतभाटा तथा वन्यजीव रेंज बस्सी एवं बड़ीसादड़ी से आए क्षेत्रीय वन अधिकारियों, वनपालों, सहायक कर्मियों एवं फील्ड स्टाफ ने प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों ने वन्यजीव संरक्षण, भू-आधारित डेटा संग्रहण एवं फील्ड ड्यूटी के दौरान सटीक आंकड़ों की अनिवार्यता पर बल देते हुए सभी प्रतिभागियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की अपील की।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर