चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित इंटर हाउस इंडोर गेम्स प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ मंगलवार, 27 जनवरी को स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में इंडोर स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया थे। स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता के संयोजक राकेश रामपुरिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा खेल भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को ईमानदारी, समर्पण एवं सौहार्द के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु आयोजकों को शुभकामनाएँ दीं।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में स्कूल के नौ सदनों के छात्र-छात्राएँ उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। प्रतियोगिता के अंतर्गत शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन जैसे लोकप्रिय इंडोर खेलों का आयोजन होगा। सभी खेल प्रतियोगिताएँ लड़के एवं लड़कियों के लिए जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित की जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिल सके। प्रतियोगिता में शतरंज (लड़के एवं लड़कियाँ-जूनियर एवं सीनियर, कैरम (लड़के एवं लड़कियाँ-जूनियर एवं सीनियर), टेबल टेनिस (लड़कों का सिंगल्स-जूनियर एवं सीनियर), टेबल टेनिस (लड़कियों का सिंगल्स-जूनियर एवं सीनियर), बैडमिंटन (लड़कों का सिंगल्स एवं डबल्स-जूनियर एवं सीनियर), बैडमिंटन (लड़कियों का सिंगल्स एवं डबल्स-जूनियर एवं सीनियर) आदि की शामिल किया गया हैं।
प्रतियोगिता के दौरान इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों का उत्साह तथा अनुशासित आयोजन देखने योग्य रहा। यह प्रतियोगिता 29 जनवरी तक चलेगी, जिसके समापन अवसर पर विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़