
बेगूं। क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जोगणिया माता–मेनाल मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जोगणिया माता मेनाल सड़क मार्ग पर कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में रामअवतार पिता किशन लाल सुखवाल, निवासी आकोड़िया, थाना अराई, जिला अजमेर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं निखिल पिता मंगलचंद प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल को कार से बाहर निकाला और तत्काल बेगूं उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर बेगूं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।