राशमी। थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 3644 अवैध अफीम के पौधे और 23 अवैध गांजा के पौधे जब्त किए हैं। इस दौरान अवैध खेती में संलिप्त दो आरोपियों, जो काका-भतीजा हैं, को गिरफ्तार किया गया।
जब्त किए गए अफीम के पौधों का कुल वजन लगभग 540 किलो 500 ग्राम है, जबकि गांजा के पौधों का कुल वजन लगभग 62 किलो 980 ग्राम है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अवैध रूप से मादक पदार्थों की खेती करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और खेती पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई। एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राशमी रतन सिंह के नेतृत्व में टीम ने लुंकड़ी गांव में दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दो अलग-अलग खेतों में तलाशी ली। पप्पूलाल जाट के खेत से कपास और सरसों की फसल के बीच बोए गए 3531 अवैध अफीम के पौधे (वजन 516 किलो 730 ग्राम) और 23 गांजा के पौधे (वजन 62 किलो 980 ग्राम) जब्त किए गए। इसी प्रकार, ठाकर राम के खेत से 113 अवैध अफीम के पौधे (वजन 23 किलो 850 ग्राम) मिले।
दोनों मामलों में खेत मालिक 35 वर्षीय पप्पूलाल पुत्र भैरूलाल जाट और 52 वर्षीय ठाकर राम पुत्र कालूलाल जाट, दोनों निवासी लुंकड़ी, थाना राशमी, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी रतन सिंह पु.नि., एएसआई देवीलाल सउनि, कांस्टेबल रमेश विश्नोई, चतरदान, गोपी राम, विनोद कुमार, दीपक कुमार और सुमित्रा शामिल थे। एक अन्य टीम में थानाधिकारी साडास आजाद पटेल उ.नि., कांस्टेबल नानूलाल, सुरेश और सुमित कुमार भी मौजूद थे।
प्रशासन
अधिकारी जन समस्याओं का करें त्वरित निराकरण – जिला कलक्टर
April 16, 2026
5:48 pm
जिला कलक्टर 16 को करेंगे पालोद में रात्रि चौपाल
April 15, 2026
6:29 pm
लुंकड़ी में अवैध अफीम-गांजा की खेती का भंडाफोड़,पुलिस ने काका-भतीजा को गिरफ्तार कर 3644 पौधे जब्त किए