गंगरार (चित्तौड़गढ़)। ग्राम पंचायत कांटी के अंतर्गत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सिंघोला में आज मातृ-पितृ पूजन दिवस एवं मां सरस्वती पूजन का भव्य आयोजन किया गया। आधुनिकता के इस दौर में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में भावुक और गरिमामयी दृश्य देखने को मिले। संस्था प्रधान अनिता शिंदे की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के स्थानीय संघ सचिव एवं सेवा भारती जिला अध्यक्ष भूरालाल शर्मा उपस्थित रहे।
संस्था प्रधान अनिता शिंदे ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जहां पारिवारिक मूल्य कम हो रहे हैं, ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में कर्तव्य बोध और संवेदनशीलता जगाने का एक सशक्त माध्यम हैं। मुख्य अतिथि भूरालाल शर्मा ने भारतीय संस्कृति में बड़ों के सम्मान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा-
बड़ों का आदर करना ही श्रेष्ठ संस्कार है। बुजुर्गों के चरण स्पर्श करने और उनका सम्मान करने से आयु, विद्या, यश और बल में वृद्धि होती है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में शंकर लाल अहीर, राजकुमार सुखवाल, नीतीश कुमार जयाणी, पूजा, सरोज और हेमलता वैष्णव का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षक गोपाल लाल लोहार ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़