Explore

Search

March 11, 2026 4:17 pm

दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने दो मासूमों को कुएं में फेंक ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी

कपासन। चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र के काछिया खेड़ी गांव में बुधवार देर शाम एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते अपने दो मासूम बेटों को कुएं में फेंकने के बाद खुद ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस सामूहिक मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसर गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, काछिया खेड़ी निवासी पारस कच्छावा की पत्नी अंणछी बाई बुधवार शाम को अपने दो बच्चों मोनू (5 वर्ष) और मात्र 3 माह के मासूम सोनू के साथ घर से निकली थी। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले गांव के पास स्थित एक कुएं में अपने दोनों बच्चों को फेंक दिया। इसके बाद वह पास ही स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंची और उदयपुर से दिल्ली जाने वाली चेतक एक्सप्रेस के सामने कूद गई। रेलवे ट्रैक पर महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक शिनाख्त के बाद जब मृतका के दोनों बच्चे साथ नहीं मिले, तो परिजनों और ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
ग्रामीणों ने रात में ही खोजबीन शुरू की, जिसके बाद गांव के पास स्थित कुएं में दोनों मासूम बच्चों के शव तैरते हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा ने चिकित्सालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन महिला ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर