Explore

Search

March 14, 2026 2:17 am

किले के खजाने का मायाजाल, तांत्रिक बनकर ठगने वाली गैंग का पर्दाफाश

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक विरासत और किलों से जुड़ी कहानियों की आड़ में भोले-भाले लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का सदर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह खुद को सिद्ध तांत्रिक बताकर जमीन में दबा खजाना निकालने का झांसा देता था। पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जो डिटेक्टर मशीन के जरिए ठगी का खेल रच रहे थे। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश के मंदसौर और आगर-मालवा क्षेत्र के कुछ संदिग्ध लोग चित्तौड़गढ़ के ग्रामीण इलाकों में घूम रहे हैं। ये लोग ग्रामीणों को पुराने मंदिरों, छतरियों और किले के आसपास दबे राजा-महाराजाओं के स्वर्ण भंडार की मनगढ़ंत कहानियां सुनाते थे। दावा किया जाता था कि उनके पास एक ऐसी चमत्कारी मशीन और तांत्रिक शक्ति है, जिससे वे जमीन के नीचे छिपे सोने का सटीक पता लगा सकते हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोटा रोड स्थित ओछड़ी पुलिया के पास दबिश दी। वहां सुनसान गुमटियों के पीछे चार व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिले। गिरोह का एक सदस्य हाथ में डिटेक्टर मशीन लेकर जमीन पर घुमा रहा था और सोना मिलने का ढोंग कर रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने मौके से गोपाल सोनी (37) निवासी आगर-मालवा, एमपी (मुख्य संचालक), सलीम अहमद (40) निवासी सीतामऊ मंदसौर, एमपी, मुकेश नाथ (43) निवासी आगर-मालवा, एमपी और हीरालाल मीणा (51) निवासी निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ स्थानीय मददगार को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में प्रयुक्त डिटेक्टर मशीन जब्त कर ली है। अब आरोपियों से यह पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को इस खजाने के मायाजाल में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठे हैं। इस सफल कार्रवाई में एएसआई मुरलीदास, कानिस्टेबल हेमवृत सिंह, डूंगर सिंह, नरेन्द्र सिंह और हेमेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। किसी भी व्यक्ति के तांत्रिक झांसे या जमीन में खजाना होने जैसे दावों पर विश्वास न करें। यह पूरी तरह ठगी का तरीका है। ऐसे संदिग्ध लोगों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर